- दो दिनों से बंद था निर्माण कार्य, चोरी से काम बाधित
- पीड़ित पत्रकार ने पिठोरिया थाने में दी लिखित शिकायत
मुकेश रंजन
Ranchi : राजधानी रांची के पिठोरिया थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चोरों ने इस बार ताजा टीवी के वरिष्ठ रिपोर्टर विजय कुमार गोप के मांझियास स्थित निर्माणाधीन मकान को निशाना बनाया। अज्ञात चोर बोरवेल में लगे सबमर्सिबल पंप का बिजली का तार काटकर चोरी कर ले गए। घटना के बाद निर्माण कार्य बाधित हो गया है। पीड़ित पत्रकार ने पिठोरिया थाना में लिखित शिकायत देकर दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

दो दिनों से बंद था निर्माण कार्य, मौका पाकर की चोरी
विजय कुमार गोप के अनुसार, मशीन खराब होने के कारण पिछले दो दिनों से मकान का निर्माण कार्य बंद था। इस दौरान मौके पर कोई मजदूर भी मौजूद नहीं था। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने 29 अक्टूबर की रात वारदात को अंजाम दिया। सुबह जब निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए लोग मौके पर पहुंचे, तब सबमर्सिबल पंप का बिजली का तार गायब मिला। इसके बाद चोरी की जानकारी हुई।
चोरी से निर्माण कार्य प्रभावित, आर्थिक नुकसान
सबमर्सिबल पंप का बिजली का तार चोरी होने से निर्माणाधीन मकान में कामकाज प्रभावित हुआ है। इससे पीड़ित को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा है। घटना के बाद विजय कुमार गोप ने थाना प्रभारी से मामले की जांच कर चोरी में शामिल लोगों का पता लगाने और उनके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
पत्रकार के मकान में चोरी से सुरक्षा पर उठे सवाल
पत्रकार के निर्माणाधीन मकान में चोरी की घटना के बाद स्थानीय स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि यदि निर्माणाधीन मकान भी चोरों से सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा को लेकर चिंता होना स्वाभाविक है। अब लोगों की नजर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है।



