गढ़वा। झारखंड के गढ़वा जिले में रविवार देर रात दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। गढ़वा थाना क्षेत्र के बेलचंपा गांव के पास एक अज्ञात हाईवा की भीषण टक्कर से स्कॉर्पियो सवार एक ही परिवार के चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि स्कॉर्पियो पूरी तरह चकनाचूर हो गई और शव वाहन में बुरी तरह फंस गए।
मृतकों की पहचान पलामू जिले के पांडु थाना क्षेत्र के लवर पांडु गांव निवासी नरेंद्र कुमार पासवान (30), जितेंद्र पासवान (28), विश्रामपुर थाना क्षेत्र के भंडार गांव निवासी बादल पासवान (20) और बिक्की कुमार (18) के रूप में हुई है। चारों युवक आपस में करीबी रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।
सगाई समारोह से लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सभी युवक स्कॉर्पियो से श्रीबंशीधर नगर थाना क्षेत्र के बिलासपुर गांव गए थे, जहां जितेंद्र पासवान की मौसेरी बहन की सगाई थी। समारोह की खुशियां लेकर सभी युवक देर रात घर लौट रहे थे। इसी दौरान बेलचंपा गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार हाईवा ने स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद स्कॉर्पियो सड़क किनारे बुरी तरह पिचक गई, जबकि हाईवा चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
कटर मशीन से निकाले गए शव
हादसे की सूचना मिलते ही गढ़वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कटर मशीन की मदद से वाहन को काटकर कड़ी मशक्कत के बाद चारों शव बाहर निकाले गए। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेजा गया।
अस्पताल पहुंचते ही स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जवान बेटों की लाशें देखकर पूरे अस्पताल परिसर में शोक की लहर दौड़ गई।
तेज रफ्तार भारी वाहनों से लोगों में आक्रोश
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों का कहना है कि गढ़वा–रेहला मार्ग पर रात के समय हाईवा और अन्य भारी वाहनों की तेज रफ्तार आम बात हो गई है। कई बार शिकायतों के बावजूद प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि अज्ञात हाईवा की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है ताकि फरार चालक की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।


