Ranchi : झारखंड के उत्तर-पश्चिमी जिलों में 13 नवंबर तक शीतलहर चलने की संभावना के मद्देनज़र मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने पलामू, गढ़वा, लातेहार, चतरा के अलावा छत्तीसगढ़ से सटे झारखंड के गुमला और सिमडेगा जिलों में शीतलहर की आशंका व्यक्त की है।
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि देश के उत्तरी हिस्सों — जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश — में हो रही बर्फबारी के कारण झारखंड में ठंडी हवाएं प्रवेश कर रही हैं। इसके चलते राज्य के वातावरण में नमी बढ़ी हुई है और तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तर-पश्चिमी जिलों के अलावा राज्य के अन्य हिस्सों में रहने वाले लोगों को भी ठंड से सावधान रहने की जरूरत है। फिलहाल पूरे राज्य में आसमान साफ रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राज्य में सबसे अधिक तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस (गुमला) में रिकॉर्ड किया गया।
रांची और आसपास के इलाकों में मंगलवार को मौसम साफ रहा, लेकिन सुबह में भारी कनकनी और देर रात में कड़ाके की ठंड महसूस की गई।
राज्य के प्रमुख शहरों में मंगलवार को दर्ज तापमान इस प्रकार रहा —
-
रांची: अधिकतम 27.0° C, न्यूनतम 11.8° C
-
जमशेदपुर: अधिकतम 28.4° C, न्यूनतम 13.8° C
-
डालटनगंज: अधिकतम 28.6° C, न्यूनतम 10.1° C
-
बोकारो: अधिकतम 25.5° C, न्यूनतम 11.6° C
-
चाईबासा: अधिकतम 30.8° C, न्यूनतम 14.6° C



