बरकट्ठा। बरकट्ठा प्रखंड के शिलाडीह निवासी प्रवासी मजदूर टिप यादव उर्फ बगाम यादव को गंभीर स्थिति में मुंबई से उनके पैतृक गांव भेजने में झारखंडी एकता संघ के सदस्यों ने सराहनीय पहल की है। आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवार की मदद के लिए संगठन ने एंबुलेंस के माध्यम से उन्हें सुरक्षित झारखंड रवाना कराया।
जानकारी के अनुसार टिप यादव, पिता स्वर्गीय महादेव यादव, मुंबई में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें जुहू स्थित भारतीय आरोग्य निधि अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने ब्रेन हेमरेज बताया और स्थिति गंभीर होने पर परिवार को अलर्ट किया।
परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण इलाज और घर वापसी की व्यवस्था मुश्किल हो गई थी। उनके तीन छोटे बच्चे हैं और पूरा परिवार संकट में था।
इस स्थिति की जानकारी मिलते ही झारखंडी एकता संघ के सदस्य सक्रिय हुए। संगठन के सदस्य राजा मंडल ने बताया कि मुंबई में परमेश्वर मंडल, संतोष मंडल, किशोर मंडल और परमेश्वर यादव ने सहयोग किया। झारखंडी एकता संघ के सचिव विनोद प्रसाद, कार्तिक प्रसाद और अन्य सदस्यों के प्रयास से एंबुलेंस की व्यवस्था कर उन्हें गंभीर हालत में मुंबई से शिलाडीह गांव के लिए रवाना किया गया।
संगठन ने समाज से भी अपील की है कि वे जरूरतमंद परिवारों की सहायता करें, ताकि बच्चों और परिवार को संकट की इस घड़ी में सहारा मिल सके।



