दरभंगा: बिहार के दरभंगा जिले के बहेड़ी बाजार स्थित श्यामा सर्जिकल ट्रॉमा सेंटर में प्रसव के दौरान एक महिला और उसके नवजात बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने क्लीनिक में शव रखकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतका की पहचान रोसड़ा निवासी 28 वर्षीय अंजली कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, प्रसव के लिए अंजली को श्यामा सर्जिकल ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था। प्रसव के दौरान महिला और नवजात दोनों की मौत हो गई।
जांच के बाद क्लीनिक सील
घटना की जानकारी मिलने के बाद चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बी.डी. महतो के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्लीनिक की जांच की। अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान क्लीनिक के संचालन में अनियमितता पाए जाने के बाद उसे सील कर दिया गया। क्लीनिक से सरकारी अस्पताल के कुछ पुर्जे मिलने का भी दावा किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम इन सामानों और क्लीनिक के संचालन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।
निजी क्लीनिक भेजने का आरोप
स्थानीय लोगों ने कुछ आशा कार्यकर्ताओं और सरकारी अस्पताल के कर्मियों पर मरीजों को कथित तौर पर निजी क्लीनिक में भेजने का आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। महिला और नवजात की मौत के मामले में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी लोग दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: मुजफ्फरपुर में NH-27 पर भीषण सड़क हादसा, साले-बहनोई की मौत; अज्ञात वाहन की तलाश में पुलिस



