रांची: राजधानी रांची के सैटेलाइट चौक के पास बुधवार को HEC की जमीन से अतिक्रमण हटाने के दौरान स्थिति बिगड़ गई। कार्रवाई का विरोध कर रहे स्थानीय लोगों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। इस दौरान भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया और महिला पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। माहौल को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को वहां से हटाया। घटना में कुछ पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के घायल होने की जानकारी है। पुलिस ने मौके से आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है।
Also Read: फर्जी क्लीनिक में प्रसव के दौरान महिला और नवजात की मौत, परिजनों का हंगामा; जांच के बाद क्लीनिक सील
सुबह से तैनात था पुलिस बल
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को देखते हुए सुबह से ही मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासन की टीम लोगों से कार्रवाई में सहयोग करने की अपील कर रही थी। इसी दौरान कुछ लोग JCB के सामने बैठ गए और कुछ प्रदर्शनकारी मशीनों पर भी चढ़ गए। पुलिस ने उन्हें हटाने की कोशिश की, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और भीड़ की ओर से पथराव शुरू हो गया। हटिया डीएसपी नीरज के अनुसार, अतिक्रमण हटाने गई टीम पर अचानक हमला और पथराव किया गया। इसमें कई पुलिसकर्मियों को चोट लगी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
बस्ती के लोगों ने मांगा पुनर्वास
स्थानीय लोगों का कहना है कि वे करीब 60 वर्षों से इस इलाके में रह रहे हैं। उनका आरोप है कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था के घर हटाए जाने से उनके सामने रहने की समस्या पैदा हो गई है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि पहले उनके लिए स्थायी या वैकल्पिक आवास की व्यवस्था की जाए और इसके बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाए।
HEC की जमीन से हटाया जाएगा अतिक्रमण
प्रशासन के अनुसार, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जिला प्रशासन के लिखित आदेश के तहत की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि HEC की जमीन पर अवैध निर्माण पाए जाने पर उन्हें हटाया जाएगा। प्रशासन की ओर से पहले भी इस क्षेत्र में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया जा चुका है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।



