Sasaram: रोहतास जिले के अमझौर थाना क्षेत्र में विश्वकर्मा पूजा विसर्जन जुलूस के दौरान हुए सड़क हादसे के बाद जमकर बवाल हुआ। रामडिहरा गांव के पास एनएच-119 पर तेज रफ्तार डंपर ने प्रतिमा लेकर जा रहे ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने डंपर में आग लगा दी। आग बुझाने और स्थिति संभालने पहुंची पुलिस पर भीड़ ने पथराव कर दिया, जिसमें दो सिपाही घायल हो गए।
प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रहा था जुलूस
जानकारी के अनुसार, रामडिहरा गांव में विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर प्रतिमा स्थापित की गई थी। शुक्रवार शाम ग्रामीण ट्रैक्टर पर प्रतिमा लेकर सोनभद्र नदी की ओर विसर्जन के लिए जा रहे थे। ट्रैक्टर पर कई लोग सवार थे, जबकि कुछ लोग पीछे पैदल चल रहे थे। इसी दौरान एनएच-119 पर तेज रफ्तार डंपर ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में आशीष शर्मा और अजीत चंद्रवंशी की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए।
Also Read: बीआईटी मेसरा हॉस्टल में छात्रा की संदिग्ध मौत, कमरे में फंदे से लटका मिला शव
हादसे के बाद डंपर में लगाई आग
घटना के बाद जुलूस में शामिल लोगों ने डंपर को घेर लिया। इसी बीच डंपर का चालक और खलासी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। दो लोगों की मौत की खबर मिलते ही लोगों का आक्रोश बढ़ गया। इसके बाद भीड़ ने हादसे में शामिल डंपर में आग लगा दी। देखते ही देखते डंपर धू-धूकर जलने लगा।
पुलिस पर पथराव, दो जवान घायल
डंपर में आग लगाए जाने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आग बुझाने के साथ स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इसी दौरान आक्रोशित भीड़ ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव में दो सिपाही घायल हो गए। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
शनिवार को फिर सड़क पर उतरे लोग
हादसे के विरोध में शनिवार को भी स्थानीय लोगों का आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने मृतकों के शवों को रोहतास-डेहरी मार्ग पर रखकर सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर एसडीएम नीलेश कुमार मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। स्थिति को देखते हुए कई थानों की पुलिस को मौके पर तैनात किया गया है। प्रशासन की ओर से लोगों को समझाकर जाम हटाने और यातायात सामान्य कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के बाद फरार डंपर चालक और खलासी की तलाश की जा रही है।


