हेमंत सरकार पर योगेंद्र साव के बयान से गरमाई सियासत, बाबूलाल ने राहुल गांधी से मांगा जवाब

झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री योगेंद्र साव के सरकार को लेकर दिए बयान पर प्रतिक्रिया दी है। मरांडी ने योगेंद्र साव की टिप्पणी का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार पर सवाल उठाए
बाबूलाल मरांडी

Ranchi: झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री योगेंद्र साव के सरकार को लेकर दिए बयान पर प्रतिक्रिया दी है। मरांडी ने योगेंद्र साव की टिप्पणी का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार पर सवाल उठाए हैं। शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जब सरकार में रह चुके कांग्रेस के नेता ही सरकार पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं, तो इससे सरकार की छवि को लेकर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से भी पूछा कि नियुक्तियों और रोजगार से जुड़े मामलों में सरकार की भूमिका की जानकारी होने के बावजूद वह सरकार के साथ क्यों खड़े हैं।

अवैध खनन और टेंडर प्रक्रिया पर सवाल

बाबूलाल मरांडी ने पत्थर, बालू, कोयला और लौह अयस्क के कथित अवैध खनन को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने टेंडर प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी और कमीशनखोरी के आरोपों का जिक्र किया। इसके अलावा ट्रांसफर-पोस्टिंग से जुड़ी कथित अनियमितताओं को लेकर भी उन्होंने सरकार पर निशाना साधा। मरांडी ने कहा कि इन आरोपों पर राहुल गांधी को भी जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि अभी योगेंद्र साव की ओर से सवाल उठाए जा रहे हैं, लेकिन आगे चलकर झारखंड की जनता भी इन मुद्दों पर जवाब मांग सकती है।

कांग्रेस नेताओं की चुप्पी पर भी सवाल

नेता प्रतिपक्ष ने कांग्रेस के कुछ नेताओं की भूमिका पर भी सवाल उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ नेता मंत्री पद पर होने के कारण सरकार के कामकाज पर बोलने से बच रहे हैं, जबकि कुछ अन्य नेता कथित आर्थिक हितों के कारण चुप हैं। मरांडी ने कहा कि सरकार की कार्यप्रणाली और भ्रष्टाचार से जुड़े आरोपों को लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठाता रहा है। अब कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता की टिप्पणी के बाद इन मुद्दों पर फिर से चर्चा शुरू हो गई है। उन्होंने राज्य सरकार से लगाए जा रहे आरोपों पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.