सहरसा में BJP युवा मोर्चा नेता की संदिग्ध मौत, घर में मिला शव; गोली लगने की आशंका से जांच तेज

बिहार के सहरसा शहर के बाबाजी चौक इलाके में शुक्रवार को भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री अभिजीत सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई।
घर में मिला शव

Bihar: सहरसा शहर के बाबाजी चौक इलाके में शुक्रवार को भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री अभिजीत सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। उनका शव घर के अंदर मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष सुरजीत सिंह कुशवाहा के अनुसार, अभिजीत सिंह पिछले कई वर्षों से बाबाजी चौक स्थित अपने घर में अकेले रह रहे थे। करीब 7-8 वर्ष पहले बीमारी के कारण उनके माता-पिता की मौत हो गई थी। उनका छोटा भाई दिल्ली में रहकर पढ़ाई करता है।

काफी देर तक घर से आवाज नहीं आने पर हुआ शक

शुक्रवार सुबह काफी देर तक अभिजीत सिंह के घर से कोई आवाज नहीं आने पर परिचितों को शक हुआ। इसके बाद कुछ लोग उन्हें देखने के लिए घर पहुंचे। वहां अभिजीत सिंह को मृत अवस्था में पाया गया। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। शुरुआत में शव की स्थिति देखकर तकिए से मुंह दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई थी। हालांकि, एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल की जांच के दौरान तकिया हटाने पर कनपटी के पास गोली लगने के निशान होने की आशंका सामने आई।

कार्यक्रम से लौटने के बाद घर पहुंचे थे अभिजीत

मौके पर पहुंचे डीएसपी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि घटनास्थल की प्रथमदृष्टया स्थिति से अभिजीत सिंह की गोली मारकर हत्या किए जाने की आशंका है। पुलिस के अनुसार, अभिजीत सिंह रात में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपने घर लौटे थे। इसके बाद घर में क्या हुआ और घटना किन परिस्थितियों में हुई, पुलिस इसकी जानकारी जुटा रही है। फिलहाल हत्या की वजह और घटना में शामिल व्यक्ति की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है।

FSL टीम जुटा रही साक्ष्य

पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर दिया है। एफएसएल टीम मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस अलग-अलग बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने भी मामले की जल्द और निष्पक्ष जांच कर घटना में शामिल लोगों की पहचान करने की मांग की है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.