- भक्ति और उल्लास के बीच हुई भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना, विद्युतकर्मियों ने मांगा निर्बाध बिजली व सुरक्षित कार्य का आशीर्वाद
मुकेश रंजन
Ranchi : कांके विद्युत सब स्टेशन परिसर में भगवान विश्वकर्मा की पूजा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ की गई। विद्युतकर्मियों ने आकर्षक फूलों से पूजा पंडाल को सजाकर भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित की। इसके बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और कार्यस्थल पर सुरक्षा की कामना की।
पूजा के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा। विद्युतकर्मियों ने भगवान विश्वकर्मा से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति सुचारू और निर्बाध बनाए रखने के साथ-साथ अपने कार्यों को सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक संपन्न करने का आशीर्वाद मांगा। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
इस अवसर पर विद्युत सब स्टेशन से जुड़े कर्मी पारंपरिक वेशभूषा में पूजा में शामिल हुए। रंग-बिरंगे फूलों और सजावटी सामग्री से सजा पूजा पंडाल आकर्षण का केंद्र बना रहा। सहायक कनीय अभियंता पंकज कुमार ने बताया कि भगवान विश्वकर्मा की पूजा विद्युतकर्मियों के लिए विशेष महत्व रखती है। उन्होंने कहा कि सभी कर्मी श्रद्धा के साथ पूजा में शामिल होकर बेहतर कार्य और सुरक्षित कार्यस्थल की कामना करते हैं।



