- लालगुटवा में होगा 11वां वैवाहिक परिचय सम्मेलन, पांच जिलों के परिवार होंगे शामिल; युवक-युवतियों को मिलेगा संवाद का साझा मंच
मुकेश रंजन
Ranchi : केसरवानी वैश्य समाज के लिए 20 सितंबर का दिन सामाजिक मेल-मिलाप और रिश्तों की नई शुरुआत का अवसर बनेगा। वृहत रांची जिला स्तरीय 11वां वैवाहिक परिचय सम्मेलन सह वार्षिक मिलन समारोह रविवार को लालगुटवा बैंक्वेट हॉल, कटहल मोड़, रांची में आयोजित होगा। कार्यक्रम सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक चलेगा। इसमें रांची के साथ गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा और खूंटी जिले के स्वजातीय परिवार बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
सम्मेलन में विवाह योग्य युवक-युवतियों और उनके परिवारों को एक ही मंच पर परिचय और संवाद का अवसर मिलेगा। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य केवल वैवाहिक संबंध तलाशना नहीं, बल्कि समाज के परिवारों के बीच आपसी परिचय, विश्वास, सहयोग और आत्मीयता को मजबूत करना भी है।
नई पीढ़ी को समाज से जोड़ने की पहल
प्रेस कांफ्रेंस में मुख्य संरक्षक तपेश्वर केसरी, संरक्षक प्रो. प्रेम सागर केसरी, जिला अध्यक्ष प्रदीप कुमार केसरी, महामंत्री रूपेश केसरी, कोषाध्यक्ष रवि कुमार केसरी, महिला अध्यक्ष नेहा केसरी एवं रेखा केसरी ने सम्मेलन की तैयारियों और उद्देश्य की जानकारी दी।
पदाधिकारियों ने कहा कि बदलते सामाजिक परिवेश में परिवारों के बीच संवाद और संबंधों को मजबूत करना जरूरी है। ऐसे आयोजनों से विवाह योग्य युवक-युवतियों को अपने समाज के परिवारों से सीधे मिलने और विचार साझा करने का अवसर मिलता है। साथ ही नई पीढ़ी अपनी सामाजिक जड़ों और परंपराओं से भी जुड़ती है।
पांच जिलों के परिवार होंगे आमने-सामने
वार्षिक मिलन समारोह में पांच जिलों से आने वाले परिवार एक-दूसरे से मिलेंगे और सामाजिक विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे। आयोजकों ने कहा कि समाज की मजबूती केवल संगठन से नहीं, बल्कि परिवारों की सक्रिय सहभागिता से होती है। इसलिए प्रत्येक परिवार की उपस्थिति सम्मेलन की सफलता के लिए महत्वपूर्ण है।
आयोजकों ने स्वजातीय बंधुओं, माताओं-बहनों और युवाओं से सपरिवार सम्मेलन में पहुंचने की अपील की है। खासकर विवाह योग्य युवक-युवतियों को साथ लाने का आग्रह किया गया है, ताकि उन्हें उपयुक्त परिचय और संवाद का अवसर मिल सके।
सम्मेलन को सफल बनाने में संरक्षक, संयोजक, सलाहकार, पदाधिकारी, संगठन मंत्री, मीडिया प्रभारी तथा विभिन्न नगर एवं ग्राम सभाओं के सदस्य जुटे हुए हैं। आयोजकों ने कहा कि 20 सितंबर का आयोजन केवल वार्षिक मिलन नहीं, बल्कि समाज, परंपरा और आने वाली पीढ़ी को एक सूत्र में जोड़ने का प्रयास है।
प्रेस कांफ्रेंस में दौलत राम केशरी, पूर्व जिला अध्यक्ष कार्तिक केशरी, अनिल केशरी, मनीष केशरी, राधेश्याम केशरी, दिलीप केशरी, सीताराम केशरी, हेमंत केशरी, शिवम केशरी, अंकित केशरी एवं आदित्य केसरी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।


