Ranchi : होटल प्रबंधन संस्थान (IHM), रांची के प्राचार्य डॉ. भूपेश कुमार ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से राजभवन में शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर डॉ. कुमार ने संस्थान की विभिन्न शैक्षणिक उपलब्धियों, राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती प्रतिष्ठा और विद्यार्थियों को दिए जा रहे रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण की जानकारी दी।
डॉ. कुमार ने बताया कि पर्यटन विभाग, झारखंड सरकार द्वारा स्थापित यह संस्थान आज देश के शीर्ष तीन सरकारी होटल प्रबंधन संस्थानों में स्थान बना चुका है। कम समय में यह उपलब्धि हासिल करना न केवल संस्थान के लिए गौरव की बात है, बल्कि पूरे झारखंड के लिए भी एक मिसाल है।
उन्होंने आगे बताया कि IHM रांची अपने छात्रों को देश-विदेश के प्रतिष्ठित होटलों एवं पर्यटन क्षेत्रों में शत-प्रतिशत रोजगार उपलब्ध कराने में सक्षम रहा है।
महामहीम राज्यपाल ने संस्थान की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में होटल मैनेजमेंट एक अत्यंत रोजगारोन्मुख और भविष्यदर्शी कोर्स है। इससे छात्र न केवल बेहतर करियर बना रहे हैं, बल्कि देश की सेवा क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था में भी योगदान दे रहे हैं।
मुलाकात के अंत में IHM रांची के विद्यार्थियों द्वारा तैयार मड़ुआ लड्डू महामहीम को सप्रेम भेंट किया गया, जिसे राज्यपाल ने प्राकृतिक एवं स्वास्थ्यवर्धक उत्पाद बताते हुए सराहा।



