Palamu : झारखंड के पलामू जिले के जिला मुख्यालय मेदिनीनगर स्थित सदर थाना क्षेत्र के सुआ गांव के निराला टोला में सिगरेट नहीं देने पर एक किराना व जनरल स्टोर में आग लगा दी गई। इस घटना में दुकान में रखा सामान और शादी के लिए खरीदे गए सामान जलकर राख हो गए, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
सिगरेट मांगने को लेकर हुआ विवाद
दुकान मालिक राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि बुधवार देर रात चार युवक सिगरेट लेने के लिए उनकी दुकान पर पहुंचे और शटर जोर-जोर से पीटने लगे। जब वह बाहर निकले तो पास के टोले के रितिक सिंह, छोटू सिंह और अन्य युवक सिगरेट मांगने लगे।
राजेश ने बताया कि दुकान में सिगरेट खत्म हो चुकी थी। यह सुनकर युवकों ने गाली-गलौज की और उनका कॉलर पकड़कर मारपीट की कोशिश की। इसके बाद जाते-जाते चारों ने धमकी दी कि “देख लेंगे।”
कुछ देर बाद दुकान में लगी आग
कुछ ही देर बाद दुकान में आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
शादी का सामान और नकदी भी जली
राजेश ने बताया कि 11 मार्च को उनके भाई छोटू कुमार गुप्ता की शादी है। इसके लिए करीब डेढ़ लाख रुपये के सामान खरीदे गए थे और 80 हजार रुपये नकद भी दुकान में रखे थे।
आग लगने से शादी का सामान, नकदी और दुकान का अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। कुल मिलाकर करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान बताया जा रहा है।
प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग
दुकान मालिक ने चारों युवकों पर दुकान में आग लगाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को आवेदन दिया है और प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।