Giridih : गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह जिले में एक दर्दनाक हादसे में दो किशोरों की पानी में डूबने से मौत हो गई। यह घटना बुधवार को जमुआ–देवरी क्षेत्र की मध्य सीमा पर स्थित गोदावरी त्रिवेणी संगम तालाब में हुई।
पुलिस के अनुसार, दोनों किशोर देवरी थाना क्षेत्र के चतरो बाजार के रहने वाले थे। खोरी महुआ एसडीपीओ राजेन्द्र प्रसाद ने इस घटना में दो बच्चों की मौत की पुष्टि की है।
होली खेलने के बाद नहाने गए थे
मिली जानकारी के अनुसार, चतरो गांव निवासी संजय साव के पुत्र करण कुमार और पुरनीगड़िया गांव के कृष्णा विश्वकर्मा के पुत्र दीपक कुमार होली खेलने के बाद अपने दोस्तों के साथ स्नान करने के लिए त्रिवेणी संगम पहुंचे थे।
स्नान के दौरान दोनों किशोर अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
ढाई–तीन घंटे बाद निकाले गए शव
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत तालाब में उतरकर खोजबीन करने लगे। बाद में खंडोली से गोताखोरों की टीम भी मौके पर पहुंची। करीब ढाई से तीन घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला गया।
दोनों किशोरों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गांव में छाया मातम
घटना के बाद जब दोनों के शव गांव लाए गए तो पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव का माहौल गमगीन हो गया है।