- योजना की आर्थिक सहायता से कपड़ों, किराना, राशन और साबुन निर्माण जैसे व्यवसाय शुरू कर महिलाओं ने बढ़ाई आय, बनीं प्रेरणा
Koderma: आर्थिक रूप से सशक्त महिला ही मजबूत परिवार और समृद्ध समाज की आधारशिला होती है। इसी उद्देश्य के साथ झारखंड सरकार की मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना कोडरमा जिले की हजारों महिलाओं के जीवन में बदलाव का माध्यम बन रही है। योजना के तहत मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता महिलाओं को न केवल आर्थिक संबल दे रही है, बल्कि आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की दिशा में भी आगे बढ़ा रही है।
जिले की कई महिलाओं ने योजना से प्राप्त राशि का उपयोग स्वरोजगार शुरू करने, छोटे व्यवसाय का विस्तार करने और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में किया है। आज वे अपने परिवार की आय बढ़ाने के साथ-साथ अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन रही हैं।
रीना देवी ने शुरू की कपड़ों की दुकान
चंदवारा प्रखंड की रीना देवी पहले बेरोजगार थीं। उन्होंने मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना से मिलने वाली राशि को बचाकर कपड़ों की दुकान शुरू की। समय के साथ उनका व्यवसाय बढ़ा और आज वे परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उनका कहना है कि यह योजना उनके लिए नई शुरुआत साबित हुई है और अब वे अपने कारोबार का विस्तार करना चाहती हैं।

किराना दुकान से बढ़ी गायत्री देवी की आय
चंदवारा की गायत्री देवी ने योजना से मिली राशि से किराना दुकान शुरू की। अब उन्हें नियमित आय हो रही है, जिससे परिवार की जरूरतें आसानी से पूरी हो रही हैं। उनके अनुसार, योजना ने उन्हें आत्मविश्वास दिया और अपने पैरों पर खड़ा होने का अवसर प्रदान किया।

पूजा देवी को मिली नई पहचान
जयनगर की पूजा देवी के पास पहले कोई स्थायी रोजगार नहीं था। योजना की सहायता से उन्होंने राशन दुकान शुरू की। आज वे सम्मानपूर्वक अपना व्यवसाय संचालित कर रही हैं और परिवार का भरण-पोषण स्वयं कर रही हैं। उनके मुताबिक, यह योजना आर्थिक सहायता के साथ सामाजिक सम्मान का भी आधार बनी है।

सीमा देवी ने बढ़ाया अपना कारोबार
जयनगर की सीमा देवी पहले से पूजा सामग्री और सब्जी की छोटी दुकान चलाती थीं। योजना से मिली राशि को उन्होंने व्यवसाय में निवेश किया, जिससे दुकान का विस्तार हुआ और आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। अब उनका कारोबार पहले की तुलना में अधिक मजबूत और स्थिर हो चुका है।

साबुन निर्माण से आत्मनिर्भर बनीं नंदनी कुमारी
मरकच्चो की नंदनी कुमारी ने योजना की सहायता से साबुन निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया। वर्तमान में वे स्थानीय स्तर पर साबुन का उत्पादन कर रही हैं। इससे उनकी आय बढ़ने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित हो रहे हैं। उनका मानना है कि यह योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का वास्तविक अवसर प्रदान कर रही है।

टुनी कुमारी ने शुरू की राशन दुकान
मरकच्चो की टुनी कुमारी ने योजना से मिलने वाली राशि को पूंजी के रूप में जोड़कर राशन दुकान की शुरुआत की। आज उनका व्यवसाय लगातार आगे बढ़ रहा है और परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से बेहतर हुई है। उनका लक्ष्य भविष्य में अपने कारोबार का और विस्तार करना है।

महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में अहम पहल
मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना कोडरमा जिले में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना से मिलने वाली नियमित सहायता के बल पर महिलाएं स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बन रही हैं, परिवार की आय बढ़ा रही हैं और समाज में अपनी अलग पहचान स्थापित कर रही हैं।
इन महिलाओं की सफलता यह दर्शाती है कि समय पर मिला सहयोग और अवसर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ परिवार, समाज और राज्य के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए सक्षम बनाता है। मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना आज महिलाओं के लिए केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि सम्मान, स्वावलंबन और बेहतर भविष्य की मजबूत नींव बनती दिखाई दे रही है।



