Ranchi/ New Delhi : झारखंड सरकार 8 और 9 जुलाई को नई दिल्ली में दो दिवसीय ‘नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन’ का आयोजन करेगी। सूचना प्रौद्योगिकी, उद्योग और पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में देश-विदेश के उद्योगपति, निवेशक, नीति-निर्माता और तकनीकी विशेषज्ञ शामिल होंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य में औद्योगिक निवेश, सूचना प्रौद्योगिकी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल गवर्नेंस और पर्यटन क्षेत्र में निवेश एवं साझेदारी को बढ़ावा देना है।
सरकार के अनुसार, यह आयोजन ‘झारखंड विज़न 2050’ को गति देने और राज्य की थीम ‘एक्सप्लोर इंफिनाइट अपॉर्चुनिटीज’ को धरातल पर उतारने की दिशा में अहम कदम होगा। साथ ही, विश्व आर्थिक मंच (WEF) के दावोस सम्मेलन में राज्य की पहली भागीदारी के बाद मिले निवेश अवसरों को आगे बढ़ाने पर भी फोकस रहेगा।
कई नई नीतियों के ड्राफ्ट होंगे जारी
कार्यक्रम के दौरान उद्योग जगत से सुझाव प्राप्त करने के उद्देश्य से Jharkhand AI Policy, Jharkhand Investment Promotion Policy, Jharkhand Tourism Policy, Jharkhand Textile Policy, JIADA Regulations और PPP Policy के कॉन्सेप्ट पेपर एवं अन्य नीतियों के प्रारूप जारी किए जाएंगे। सरकार का मानना है कि इन नीतियों से निवेश बढ़ेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
पहले दिन IT, AI और डिजिटल गवर्नेंस पर मंथन
पहले दिन ‘डिजिटल गवर्नेंस और आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर’ विषय पर विशेषज्ञों और नीति-निर्माताओं के बीच चर्चा होगी। झारखंड में आईटी पार्क, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और एआई आधारित निवेश की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके बाद सरकार और उद्योग प्रतिनिधियों के बीच B2G बैठक होगी।
दिन के अंतिम सत्र में ‘झारखंड में AI का भविष्य’ विषय पर चर्चा होगी, जिसमें राज्य की प्रस्तावित AI नीति और इस क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर मंथन किया जाएगा। इस दौरान आईटी विभाग और विभिन्न कंपनियों के बीच कई समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर भी होने की संभावना है।
दूसरे दिन निवेश, पर्यटन और बड़े MoU पर रहेगा फोकस
कार्यक्रम के दूसरे दिन इन्वेस्टमेंट एंड इन्क्लूसिव डेवलपमेंट तथा पर्यटन पर विशेष सत्र आयोजित होंगे। निवेशकों के समक्ष झारखंड की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और पर्यटन संभावनाओं को प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद औद्योगिक प्रोत्साहन और निवेश पर स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन होगा, जिसमें नए उद्योगों की स्थापना और निवेश को लेकर चर्चा की जाएगी।
इसी दिन कई बड़े औद्योगिक समूहों के साथ MoU पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। साथ ही राज्य सरकार नई औद्योगिक एवं विकासोन्मुख नीतियों के ड्राफ्ट तथा नए डिजिटल पोर्टलों का भी आधिकारिक शुभारंभ करेगी।
दो दिवसीय कार्यक्रम का समापन झारखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक नृत्य और संगीत पर आधारित सांस्कृतिक संध्या के साथ होगा, जिसमें देश-विदेश से आए उद्योग जगत के प्रतिनिधि और अन्य विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे।



