New Delhi : वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के विस्फोटक बल्लेबाज निकोलस पूरन ने महज 29 वर्ष की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहकर क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया है। पूरन का यह फैसला ऐसे समय आया है जब वेस्टइंडीज की टीम खुद को एक बार फिर से सफेद गेंद क्रिकेट में स्थापित करने की कोशिश में लगी है।\
Also Read : सनसनीखेज महिलाओं को गर्भवती करो, 5 लाख पाओ षड्यंत्र का पर्दाफाश
पूरन ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट लिखते हुए अपने अंतरराष्ट्रीय करियर को विराम देने की घोषणा की। उन्होंने लिखा, “मारून जर्सी पहनना, राष्ट्रगान के दौरान खड़े होना और मैदान पर सब कुछ झोंक देना मेरे लिए गर्व की बात रही है। यह अध्याय अब समाप्त हो रहा है, लेकिन वेस्टइंडीज क्रिकेट के प्रति मेरा प्यार हमेशा बना रहेगा।”
निकोलस पूरन वेस्टइंडीज के सबसे सफल टी20 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। उन्होंने सबसे ज्यादा टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं और इस फॉर्मेट में टीम के शीर्ष रन स्कोरर भी रहे हैं। IPL 2025 सीजन में भी उनका प्रदर्शन दमदार रहा, जिसमें उन्होंने 500+ रन बनाए और 40 छक्के जड़े, जो उस सीजन में सबसे ज्यादा रहे।
हालांकि पूरन को इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे के लिए नहीं चुना गया था, क्योंकि उन्होंने वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड से ब्रेक की मांग की थी। गौरतलब है कि उन्होंने कभी टेस्ट क्रिकेट नहीं खेला। उनका टी20 डेब्यू 2016 और वनडे डेब्यू 2019 में हुआ था।
2022 में पूरन ने वेस्टइंडीज की वनडे और टी20 दोनों टीमों की कप्तानी भी की थी, लेकिन 30 में से सिर्फ 8 मैचों में ही जीत दिला पाए। T20 वर्ल्ड कप 2022 में वेस्टइंडीज के पहले राउंड में ही बाहर हो जाने के बाद उन्होंने कप्तानी छोड़ दी थी।
वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड (CWI) ने उनके संन्यास पर बयान जारी करते हुए कहा, “पूरन जैसे विश्व स्तरीय खिलाड़ी का जाना हमारे लिए एक बड़ा नुकसान है। उन्होंने T20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कई रिकॉर्ड बनाए हैं, जो आने वाले समय में याद किए जाएंगे।”
अब वेस्टइंडीज टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले मध्यक्रम में उनकी कमी को पूरा करने की चुनौती होगी।


