- राष्ट्रीय महासचिव एवं बिहार-झारखंड-छत्तीसगढ़ प्रभारी का भव्य अभिनंदन, हक-अधिकार और सम्मान की लड़ाई मजबूत करने पर जोर
मुकेश रंजन
Ranchi : होटल पार्क, रांची में अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ, झारखंड प्रदेश कमेटी की ओर से नवनियुक्त राष्ट्रीय महासचिव सह बिहार, झारखंड एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी कमलेश राम के सम्मान में अभिनंदन सह स्वागत समारोह आयोजित किया गया। प्रदेश की विभिन्न इकाइयों से पहुंचे पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने माला पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता झारखंड प्रदेश अध्यक्ष राकेश राम ने की। समारोह में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए संघ के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
अपने संबोधन में राष्ट्रीय महासचिव कमलेश राम ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ में संगठन को और मजबूत किया जाएगा। सफाई मजदूर समाज के हक-अधिकार, शिक्षा, रोजगार और सम्मान से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष राकेश राम ने कहा कि कमलेश राम के नेतृत्व और मार्गदर्शन में झारखंड में संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन के विस्तार और समाजहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, विभिन्न जिलों में गतिविधियों का विस्तार करने और आगामी रणनीति को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
समारोह में सूरज राज, पूजा साहू, सतीश साहू, राजेंद्र मिर्धा, अशोक अकेला, जितेंद्र साहू, संजय रजक, पुनीत राम, कमलेश लाल सहित बड़ी संख्या में संघ के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समाज के लोग मौजूद रहे।


